पेट्रोल पंप संचालक बोले – 15 मई से अब तक 2 बार बढ़ चुके हैं दाम, 4 रूपये तक हुई है बढ़ोतरी
मंडी,धर्मवीर -:बीते रोज पेट्रोल डीजल की कीमतों में की गई 90 पैसे की बढ़ोतरी के बाद पिछले 6 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम करीब 4 रुपये बढ़ गए हैं। लगातार बढ़ रहे इन दामों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बढ़ती कीमतों को लेकर हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला की जनता ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ईंधन के दाम बढ़ने का सीधा असर जहां रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ेगा, वहीं महंगाई का बोझ आम आदमी की जेब पर और अधिक बढ़ने वाला है।
लोगों का कहना है कि पहले ही रसोई गैस, खाद्य पदार्थों और अन्य जरूरी सामानों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। अब पेट्रोल और डीजल महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ेगा, जिसका असर सब्जियों, राशन और अन्य वस्तुओं की कीमतों पर साफ दिखाई देगा। लोगों ने कहा कि नौकरीपेशा और मध्यम वर्गीय परिवार पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रहे हैं और ऐसे में ईंधन की बढ़ती कीमतें उनकी परेशानियों को और बढ़ा रही हैं। कुछ लोगों ने इस स्थिति के लिए सरकारों की नीतियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को भी जिम्मेदार ठहराया। लोगों का कहना था कि मध्य पूर्वी देशों के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और भारत भी इससे अछूता नहीं है। कई लोग अमेरिकी राष्ट्रपति और वैश्विक शक्तियों को भी इस हालात के लिए जिम्मेदार बताते नजर आए। लोगों ने सरकार से अपील की कि आम जनता को राहत देने के लिए बीच का रास्ता निकाला जाए ताकि महंगाई को नियंत्रित किया जा सके।
वहीं मंडी के पेट्रोल पंप संचालक कुनाल पुरी ने बताया कि 15 मई सेअब तक पेट्रोल और डीजल के दामों में दो बार बढ़ोतरी हो चुकी है। एक हफते में करीब 4 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। निमार्णाधीन नेशनल हाईवे के चलते यहां पेट्रोल के मुकाबले डीजल की ज्यादा खपत हो रही है। उनके द्वारा सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार नियंत्रित तरीके से ईंधन का वितरण किया जा रहा है।