Summer express, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के एमआईई पार्ट-बी स्थित एक फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लॉट नंबर 2224 में स्थित क्लासिक कोल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद पूरी यूनिट में आग फैल गई। विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास की फैक्ट्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में फेविकोल और संबंधित केमिकल उत्पाद तैयार किए जाते हैं। हादसा करीब दोपहर 12:30 बजे हुआ। धमाके के बाद फैक्ट्री की इमारत का लेंटर भी गिर गया, जिससे अंदर काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 10 से 12 मजदूर मौजूद थे। वहीं बाहर काम कर रहे 7 से 8 लोगों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री के मलबे में अब भी दो लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरा बनाकर सील कर दिया गया है ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
पुलिस और प्रशासन की टीमें फैक्ट्री में हुए विस्फोट के कारणों की जांच कर रही हैं। शुरुआती तौर पर बॉयलर फटने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।