सहरसा | बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सहरसा के जिला मत्स्य पदाधिकारी सुबोध कुमार को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उनके कार्यालय कक्ष में की गई।
परियोजना स्वीकृति के नाम पर की गई थी रिश्वत की मांग
ब्यूरो सूत्रों के अनुसार, वनगांव थाना क्षेत्र निवासी परिवादी टून्ना मिश्रा ने शिकायत की थी कि अधिकारी सुबोध कुमार ने मछली पालन योजनाओं की स्वीकृति के बदले उनसे रिश्वत मांगी थी। इसके अलावा, अधिकारी ने गांव के अन्य लाभार्थियों से भी कमीशन की रकम वसूलने के लिए उन पर दबाव बनाया।
ब्यूरो ने शिकायत की सत्यता की जांच कराई और आरोपों को सही पाया। इसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निगरानी ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक सदानन्द कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
ऑफिस में ही दी गई घूस, मौके पर दबोचा गया अधिकारी
टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए जिला मत्स्य कार्यालय, सहरसा में रिश्वत लेते समय अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी से पूछताछ की जा रही है।
अब निगरानी अदालत में पेशी
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, आगे की कार्रवाई के तहत सुबोध कुमार को भागलपुर स्थित निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।