Summer express, कर्नाटक | कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। यह हादसा लाडजापुर इलाके के पास उस समय हुआ, जब एक क्रूजर गाड़ी की तेज रफ्तार लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि वाहन में सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कलबुर्गी के पुलिस अधीक्षक ए. श्रीनिवासुलु ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल मृतकों की पहचान और दुर्घटना की सटीक वजह को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
एक महीने पहले भी हुआ था बड़ा हादसा
बता दें कि करीब एक महीने पहले कर्नाटक के यादगिरी जिले में भी इसी तरह का गंभीर सड़क हादसा सामने आया था। सुरपुर थाना क्षेत्र में एक कार ने ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही बस को टक्कर मार दी थी। हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो बच्चे घायल हो गए थे।
यादगिरी के एसपी पृथ्वीक शंकर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि कार चालक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी सामने से आ रही बस से उसकी भिड़ंत हो गई। मामले में शिकायत दर्ज कर जांच की गई थी।