Summer express, बुलंदशहर | बुलंदशहर जिले में सिकंदराबाद पुलिस और स्वाट टीम ने ई-रिक्शा चालक विपिन हत्याकांड के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी फैजान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं उसका साथी जैद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार देर रात संतपुरा रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा चालक को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन उसने वाहन मोड़कर सनौटा रोड की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो ई-रिक्शा कच्चे रास्ते में फंस गया।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख ई-रिक्शा में सवार दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फैजान के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी जैद मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी की पहचान सिकंदराबाद के रिसालदारान मोहल्ला निवासी फैजान के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पूछताछ के दौरान फैजान ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी जैद के साथ मिलकर 20 वर्षीय ई-रिक्शा चालक विपिन की हत्या की थी। आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया और हत्या के बाद शव को चोला रोड स्थित एक बंद फैक्ट्री के बाहर नाले में फेंक दिया था।
पुलिस ने बताया कि विपिन का शव नाले से बरामद होने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई थी। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। फिलहाल घायल आरोपी का इलाज जारी है, जबकि फरार जैद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।