Summer express, रानियां I गांव बणी के समीप राज कनाल नहर में नहाने के दौरान डूबे दो युवकों के शव 24 घंटे की तलाश के बाद बरामद कर लिए गए। गोताखोरों की टीम ने राजस्थान हेड क्षेत्र स्थित मसीतां हेड के पास दोनों शवों को खोज निकाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बणी के छह युवक नहर में नहाने के लिए गए थे। इस दौरान मोहित पुत्र रोहताश और मनीष पुत्र राजकुमार अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। साथियों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
लगातार 24 घंटे तक चले अभियान के बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए परिजनों के बयान दर्ज किए और शव उनके सुपुर्द कर दिए।
दोनों युवकों की मौत की खबर से गांव बणी सहित आसपास के क्षेत्रों में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों ने नहरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और लोगों को सावधानी बरतने के प्रति जागरूक करने की मांग उठाई है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।