Summer express, हांसी। हरियाणा के हांसी शहर में आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार को गहरा सदमा दे दिया। त्रिकोणा पार्क क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण एक जर्जर दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से एक रेहड़ी संचालक की मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान भाटिया कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय सोनू जांगड़ा के रूप में हुई है। सोनू त्रिकोणा पार्क के पास सब्जी और ब्रेड की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के समय वह अपने बेटे अभय के साथ रेहड़ी पर मौजूद थे। इसी दौरान पास स्थित पुरानी दीवार तेज तूफान के चलते अचानक गिर गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल सोनू की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके बेटे अभय का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सोनू जांगड़ा अपने पीछे पत्नी और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद भाटिया कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है तथा स्थानीय लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।