Summer express, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में जारी अंदरूनी गतिविधियों के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात कर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। वहीं पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया और युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने भी कांग्रेस अध्यक्ष से अलग बैठक कर संगठन और जनआंदोलनों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
राज्य में कांग्रेस संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बावजूद अभी तक नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया है, जबकि हरियाणा को जल्द नया प्रभारी मिलने की भी संभावना जताई जा रही है। ऐसे में खरगे और हुड्डा की यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान और संगठन को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस 15 जुलाई के बाद प्रदेश में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसी संदर्भ में पार्टी नेतृत्व और प्रदेश नेताओं के बीच रणनीतिक चर्चा को अहम माना जा रहा है।
बैठक के दौरान सुखबीर कटारिया ने दक्षिण हरियाणा में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियानों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनता के मुद्दों पर किए जा रहे संघर्षों की जानकारी दी। वहीं निशित कटारिया ने युवा कांग्रेस के पिछले एक वर्ष के दौरान युवाओं के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा और परीक्षा घोटालों के खिलाफ चलाए गए अभियानों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
निशित कटारिया ने कहा कि हरियाणा का युवा रोजगार, शिक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन युवा कांग्रेस अन्याय के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि एचएसएससी कार्यालय घेराव, रोजगार संबंधी मुद्दों और नीट पेपर लीक जैसे मामलों में युवा कांग्रेस लगातार युवाओं की आवाज बनकर खड़ी रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने युवा कांग्रेस के आंदोलनों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के कमजोर वर्गों के हितों के लिए संघर्ष लगातार जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं की आवाज रही है तथा कार्यकर्ताओं का समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं को पार्टी से जोड़ने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनता के बीच संघर्ष को और तेज करने पर भी सहमति बनी। साथ ही नेताओं ने खरगे को राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर शुभकामनाएं भी दीं।