Summer express, सुंदर कुंड, पलवल। जिले के ऐतिहासिक गांव मिंडकौला स्थित पावन झिरी वाले मंदिर परिसर में समग्र जोहड़ के विकास और सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना समाजसेवी बलजीत डागर द्वारा जेके टायर्स के सीएसआर फंड के तहत कराई जा रही है। कार्यक्रम में गांव और आसपास के क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया तथा इस पहल की सराहना की।
समाजसेवी बलजीत डागर ने बताया कि कुछ सप्ताह पहले ग्रामीणों ने मंदिर परिसर के पवित्र तालाब की खुदाई, पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण की मांग रखी थी। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए तालाब की पक्की पाल, मंदिर के परिक्रमा मार्ग का निर्माण, टाइल्स बिछाने और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने की योजना तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत श्रद्धालुओं के बैठने के लिए पक्की सीटों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों का निर्माण भी कराया जाएगा। हवन-यज्ञ के साथ कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है और निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू हो चुका है। प्रयास रहेगा कि मानसून से पहले अधिकांश कार्य पूरे कर लिए जाएं।
बलजीत डागर ने कहा कि उनका उद्देश्य ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले झिरी मंदिर धाम को भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
गांव की सरपंच सविता डागर ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि मंदिर परिसर में होने वाले निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य से पूरे क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्य पूरा होने के बाद मंदिर परिसर का स्वरूप और अधिक भव्य एवं आकर्षक बन जाएगा।
वहीं ग्रामीणों ने भी इस परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल धार्मिक स्थल का विकास होगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों ने बलजीत डागर के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।