Summer express, सिरसा। शहर की अनाज मंडी में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना का काम धीमी गति से चलने के कारण आढ़तियों और व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। मानसून सीजन शुरू होने के बावजूद निर्माण कार्य अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ पाया है, जिससे मंडी में जलभराव की आशंका पैदा हो गई है।
जानकारी के अनुसार बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके लिए अनाज मंडी के मुख्य प्रवेश द्वार और गेट नंबर-3 के आसपास की सड़क को खोदकर पाइपलाइन डाली जानी है।
गेट नंबर-3 से श्याम बगीची गेट तक सड़क उखाड़ने और पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू तो कर दिया गया है, लेकिन काम की रफ्तार काफी धीमी बनी हुई है। ऐसे में मंडी के कारोबारियों को आशंका है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो बारिश के दौरान मंडी परिसर में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
व्यापारियों और आढ़तियों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार से निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में मंडी में फसलों की आवक बढ़ जाती है और जलभराव होने पर व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। इसलिए परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाना जरूरी है।