Summer express/ऊना,राकेश-: ऊना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष और दो बार विधायक रह चुके नीरज भारती द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाए गए आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि भारती ने जो बातें सार्वजनिक रूप से कही हैं, उन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता।राजेंद्र राणा ने कहा कि वह नीरज भारती को लंबे समय से व्यक्तिगत रूप से जानते हैं और उनके अनुसार भारती स्पष्टवादी तथा बेबाक व्यक्तित्व के धनी हैं। राणा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के संबंध में नीरज भारती द्वारा लगाए गए आरोपों में सच्चाई है। उन्होंने विशेष रूप से कथित “अटैची लेने-देने” के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार की चर्चाएं कांग्रेस के अंदरूनी हलकों में पहले से होती रही हैं।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के करीबी लोगों से ही कई जानकारियां बाहर आई हैं, जिनके आधार पर नीरज भारती ने अपनी बातें सार्वजनिक कीं। राणा ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर जवाब चाहती है, लेकिन सरकार की कार्यशैली को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। उनके अनुसार मौजूदा परिस्थितियों ने सरकार की छवि पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।प्रेस वार्ता के दौरान राणा ने कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर ही असंतोष बढ़ रहा है और कांग्रेस के नेता स्वयं अपनी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना था कि भाजपा को कांग्रेस में किसी प्रकार की राजनीतिक दखल देने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि कांग्रेस के अपने नेता ही समय-समय पर सरकार के कामकाज की पोल खोल रहे हैं।हिमाचल प्रदेश की राजनीति में संभावित “ऑपरेशन लोटस” या अन्य राजनीतिक गतिविधियों को लेकर पूछे गए सवाल पर राणा ने कहा कि भाजपा किसी तरह की तोड़फोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं रखती। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार अपने ही अंतर्विरोधों और आंतरिक मतभेदों के कारण मुश्किलों का सामना कर रही है तथा उसका राजनीतिक संकट स्वयं उसके भीतर से पैदा हो रहा है।राणा के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।