Summer express, मंडी | हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में देर रात मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। घर के बाहर गाड़ी का हॉर्न बजाने और गाली-गलौज का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि तीन युवकों ने 45 वर्षीय व्यक्ति पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें उसका बायां हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना पुलिस चौकी बस्सी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित की पहचान हेमराज के रूप में हुई है, जो जोगिंद्रनगर के गांव नेर घरवासड़ा का निवासी है। हेमराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि देर रात वह घर के अंदर खाना खा रहा था। इसी दौरान बाहर कुछ युवक लगातार गाड़ी का हॉर्न बजाने लगे और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे।
शोर-शराबा सुनकर जब वह घर से बाहर आया और युवकों को ऐसा करने से रोका, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान बलबीर, आर्यन और आदित्य नामक तीन युवकों ने उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान एक आरोपी ने दराट से उसके हाथ पर वार कर दिया, जिससे उसका बायां हाथ बुरी तरह कट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं घायल हेमराज का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।