Summer express, हमीरपुर | हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ धाम में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सड़क किनारे अचानक मिट्टी धंसने से रेत से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 9:30 बजे बैरियर नंबर-2 के पास हुआ। ट्रक ऊना से रेत लेकर चकमोह की ओर जा रहा था। ट्रक में चालक अनमोल के साथ हेमराज और मनीष कुमार भी सवार थे। बताया जा रहा है कि सड़क संकरी होने के कारण मनीष कुमार रास्ता साफ करवाने और दूसरे वाहनों को सुरक्षित निकालने के लिए नीचे उतर गया था।
इसी दौरान सड़क किनारे की मिट्टी अचानक धंस गई, जिससे भारी ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में चालक अनमोल और हेमराज को चोटें आई हैं, जबकि मनीष कुमार बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को ट्रक से सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए बिझड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह सड़क किनारे की कमजोर मिट्टी का धंसना बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क किनारे की स्थिति लंबे समय से कमजोर बनी हुई है, जिससे भारी वाहनों के गुजरने पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।