Summer express, संजू, शिमला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में रविवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने की। इस दौरान उन्होंने योग को भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि आज पूरा विश्व भारतीय योग परंपरा को अपना रहा है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा आयुष विभाग के सहयोग से आयोजित इस राज्य स्तरीय योग अभ्यास सत्र में बड़ी संख्या में योग प्रेमियों, छात्रों, पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के योग विभाग के विद्यार्थियों ने करीब डेढ़ घंटे तक विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया। योग सत्र प्रोफेसर डॉ. सत्य प्रकाश पाठक की देखरेख में संपन्न हुआ।

राज्यपाल अपनी धर्मपत्नी एवं लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने प्रतिभागियों को “नशामुक्त हिमाचल” की शपथ भी दिलाई और उत्कृष्ट योगाभ्यास करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज दुनिया के 189 देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करती है।
राज्यपाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का माध्यम भी है। योग समाज को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने और सार्वजनिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में योग को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण में योग की अहम भूमिका है।