Summer express,रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर सर्विस रोड पर खड़े डंपर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा गोठड़ा गांव के पास देर रात हुआ। मृतक की पहचान पाली गांव निवासी वेदपाल के रूप में हुई है, जो इलाके में फास्ट फूड की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि वेदपाल किसी विवाह समारोह में शामिल होने के बाद रात के समय अपने घर लौट रहा था।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक सड़क पर अंधेरा होने के कारण वेदपाल को सर्विस रोड पर खड़ा डंपर दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक सीधे डंपर के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक वेदपाल अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटे को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने मामले में डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।