Summer express, आगरा | विश्व संवाद केन्द्र ब्रज प्रांत की ओर से आगरा में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पत्रकारों को उनके बेहतर कार्य और समाज में सकारात्मक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वक्ता ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को दिशा देने और जनभावनाओं को आवाज देने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि फील्ड में कार्य कर रहे पत्रकारों का सम्मान और हौसला बढ़ाना बेहद जरूरी है, क्योंकि विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकार समाज तक सच्चाई पहुंचाने का काम करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान वक्ता ने अपने पुराने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में ब्रज भूमि पर की गई रिपोर्टिंग “मथुरा-कहां हो मां” के लिए उन्हें बेस्ट रिपोर्टर ऑन द स्पॉट ENBA अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उसी भूमि पर वर्ष 2026 में पत्रकारों को सम्मानित करना उनके लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण रहा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम सिंह मौजूद रहे। वहीं आगरा के प्रतिष्ठित व्यापारी और समाजसेवी अशोक रैना ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर पत्रकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ पत्रकार हेमंत उपाध्याय, विश्व संवाद केन्द्र ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार और अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बेहतर समन्वय और गरिमामयी आयोजन के चलते यह समारोह पत्रकारों के लिए प्रेरणादायक मंच बनकर सामने आया।
कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने कहा कि ऐसे आयोजन फील्ड में काम कर रहे पत्रकारों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी देते हैं।