Summer express/मंडी,धर्मवीर-:निजी अस्तपालों में रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से लाखों रुपयों की फीस लेकर किए जाने वाले ऑपरेशन अब मंडी जिला के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान श्री लाल बहादुर शास्त्री नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मात्र 30 हजार में किए जा रहे हैं। बीते 4 माह में मेडिकल कॉलेज मे रोबोटिक सर्जरी के 61 सफल ऑपरेशन भी किए जा चुके हैं। रोबोटिक सर्जरी के बारे में जानकारी देते हुए कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ राजेश भवानी ने बताया कि 51 सामान्य और 10 प्रसूति एवं स्त्री रोग से संबंधित सफल रोबोटिक सर्जरी ऑपरेशन कर मेडिकल कॉलेज ने नया मुकाम हासिल किया है।
डॉ भवानी ने बताया कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी महज तीस हजार और पचास हजार रुपये में हो जा रही है। जबकि यही सर्जरी निजी अस्पतालों में दो से अढाई लाख रुपये में होती है। उन्होंने बताया कि रोबोटिक सर्जरी के सामान्य ऑपरेशन में मुख्य रूप से पित्ताशय की सर्जरी (कोलेसिस्टेक्टॉमी), हर्निया रिपेयर और अपेंडिक्स के न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर के लिए राइट हेमीकोलेक्टॉमी इत्यादि की सर्जरी शामिल हैं। इसके साथ ही मलाशय के कैंसर के लिए की गई टोटल मेसोरेक्टल एक्सिशन सहित एंटीरियर रिसेक्शन जैसी उन्नत ऑन्कोलॉजिकल सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। अस्पताल में जनरल सर्जरी विभाग 23 मार्च 2026 से सप्ताह में 3 दिन नियमित रूप से सेवाएं दे रहा है। वहीं प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान विभाग में मई माह से रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत हुई है। यह विभाग सप्ताह में दो दिन सेवाएं दे रहा है। जिसमें गर्भाशय में फाइब्रॉइड के लिए 7, असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव के लिए 3 और अंडाशय की सिस्ट के लिए 1 रोबोटिक सर्जरी की गई है। उन्होंने कहा कि इसे हिम केयर और आयुष्मान कार्ड में शामिल करने के लिए प्रदेश सरकार से सभी मेडिकल कॉलेजों ने मांग की है। अगर यह उस दायरे में आ जाती है तो यह आम जन की पहुंच तक हो जाएगा। बता दें कि इसी वर्ष 6 मार्च को मुख्यमत्री सुक्खविंदर सिंह सुक्खू ने 28 करोड़ की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लेस रोबोटिक सर्जिकल प्रणाली का मेडिकल कॉलेज में उदघाटन किया है।