Summer express, शिमला | हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की कार्यकारिणी परिषद की बैठक के दौरान शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ। विभिन्न छात्र और कर्मचारी संगठनों के विरोध प्रदर्शन के चलते परिसर में कई घंटों तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
जानकारी के अनुसार, कार्यकारिणी परिषद की बैठक शुरू होने से पहले विश्वविद्यालय के कर्मचारियों, विभिन्न संगठनों, एसएफआई और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन स्थानीय विधायक हरीश जनारथा को भी सौंपा।
वहीं, बैठक के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति के खिलाफ विरोध जताते हुए कुलपति के पुतले की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। जब प्रदर्शनकारी पुतला दहन करने का प्रयास करने लगे, तो मौके पर तैनात पुलिस और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) के जवानों ने उन्हें रोक दिया।
पुलिस की कार्रवाई के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई, जिससे परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति उस समय और अधिक बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर के गेट को पार कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया।
हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने कुलपति के फोटो जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। पूरे घटनाक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, प्रदर्शनकारी संगठन अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दे रहे हैं।