विकास शर्मा , चिंतपूर्णी। चिंतपूर्णी से सटी गंगोट पंचायत में शनिवार को नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण के साथ ही नई पंचायत कार्यकारिणी ने विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर ने गांव में नई शुरुआत के साथ-साथ विकास के लिए पुरानी और नई पीढ़ी के समन्वय की अनूठी मिसाल पेश की।
शपथ ग्रहण समारोह में नवनियुक्त प्रधान ऐश्वर्या शर्मा, उप-प्रधान दिनेश रतन, वार्ड पंच विजय कुमार, विजय कुमारी सहित अन्य सदस्यों ने पूर्ण निष्ठा के साथ देश और जनहित में कार्य करने की शपथ ली। समारोह के दौरान पूरे माहौल में उत्साह और उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि नई पंचायत कार्यकारिणी के निमंत्रण पर गंगोट पंचायत के पूर्व प्रधान भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इनमें पूर्व प्रधान नरेश शर्मा, कुशलु, संजीव शर्मा और राकेश समनोल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। पूर्व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने समारोह को और अधिक गरिमामय बना दिया।
युवा नेतृत्व और अनुभवी पूर्व जनप्रतिनिधियों के इस समन्वय को देखकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे गंगोट पंचायत के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक शुरुआत बताया।
नई पंचायत कार्यकारिणी ने पूर्व प्रधानों के अनुभव और मार्गदर्शन को आधार बनाकर गंगोट पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है।