Summer express, राकेश कुमार शर्मा,करनाल | करनाल के इंद्री उपमंडल के गांव खेड़ा में एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर की रहने वाली थी। उसकी शादी फरवरी 2026 में गांव खेड़ा निवासी प्रियांशु के साथ हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी।
परिजनों के अनुसार घटना के समय घर के सभी सदस्य काम पर गए हुए थे। दोपहर बाद जब मृतका का पति घर लौटा तो उसने पत्नी को कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। इसके बाद मृतका के मायके पक्ष को भी सूचना देकर गांव खेड़ा बुलाया गया। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।