Summer express/बिलासपुर, सुभाष -: बिलासपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान (आईपीपीआई) ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा ने बताया कि जिले में पांच वर्ष तक के सभी चिन्हित बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को कुल 28,621 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य मिला था। इसके तहत 28 और 29 जून को विशेष बूथ अभियान चलाया गया, जबकि 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर सर्वे किया। इस दौरान 1,368 बच्चों तक पहुंचकर उन्हें पोलियो की खुराक दी गई। अभियान के अंत में लक्ष्य के अनुरूप सभी चिन्हित बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि अभियान की सफलता के बावजूद विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें श्रम क्षेत्रों, निर्माण स्थलों और अन्य ऐसे इलाकों का दौरा करेंगी, जहां कुछ बच्चों के छूटने की संभावना हो सकती है। इन क्षेत्रों में भी प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रहे।उन्होंने कहा कि एक दिन के नवजात शिशु से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों के लिए पोलियो की खुराक पूरी तरह सुरक्षित और आवश्यक है। इसलिए अभिभावकों को अपने बच्चों को समय पर पोलियो की दवा अवश्य पिलानी चाहिए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष टीमें गठित की थीं, जिन्होंने बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों तक पहुंच बनाई। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों और जिले की जनता का आभार व्यक्त किया। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी कारण से उनका बच्चा अब तक पोलियो की खुराक नहीं ले पाया है तो वे तुरंत अपने निकटतम स्वास्थ्य कर्मी से संपर्क कर उसे पोलियो रोधी दवा अवश्य पिलवाएं।