Summer express/देहरा , गुलशन धनोहा -: मुबारिकपुर–रानीताल राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-503) पर ढलियारा के खतरनाक मोड़ पर शुक्रवार सुबह एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। ज्वालामुखी से नंगल की ओर जा रही टेंपो ट्रैवलर और चिंतपूर्णी से ज्वालामुखी की ओर जा रही कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह वाहन के ब्रेक फेल होना बताई जा रही है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।ढलियारा का यह तीखा मोड़ लगातार सड़क हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। पिछले तीन दिनों के भीतर यहां यह तीसरी दुर्घटना है। इससे पहले दो ट्रक इसी स्थान पर अनियंत्रित होकर पलट चुके हैं, जबकि गुरुवार को जयपुर के मानसरोवर से अमरनाथ यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस भी यहां हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची थी।लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने, चेतावनी संकेत बढ़ाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।