Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला जिले के गांव धनौरा में खुले बोरवेल में गिरने से 4 वर्षीय मासूम निर्वैर की दर्दनाक मौत के बाद अब इस मुद्दे को लेकर सामाजिक स्तर पर बड़ा अभियान शुरू हो गया है। अंबाला के समाजसेवी एवं एडवोकेट हर्ष साहनी ने खुले बोरवेलों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, केंद्रीय गृहमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सख्त कानून बनाने की मांग की है।
हर्ष साहनी ने कहा कि खुले बोरवेल अब बच्चों के लिए मौत का कारण बनते जा रहे हैं। धनौरा गांव में मासूम निर्वैर खेलते-खेलते खुले बोरवेल में गिर गया था। करीब 21 घंटे तक एनडीआरएफ और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन बच्चे को जीवित नहीं बचाया जा सका। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
साहनी ने कहा कि इससे पहले भी हरियाणा समेत कई राज्यों में ऐसे हादसों में मासूम बच्चों की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद खुले बोरवेलों को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर मांग की है कि पूरे देश में खुले बोरवेलों को लेकर कड़ा कानून लागू किया जाए।
पत्र में मांग की गई है कि बोरवेल खोदने के 24 घंटे के भीतर उसे मजबूत और पक्के ढक्कन से बंद करना अनिवार्य किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पांच लाख रुपये तक का जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान हो। इसके अलावा हरियाणा में दो दिन का विशेष अल्टीमेटम जारी कर सभी खुले बोरवेलों को चिन्हित कर बंद करवाने की मांग भी उठाई गई है। अल्टीमेटम के बाद भी यदि कोई बोरवेल खुला पाया जाता है तो संबंधित मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
हर्ष साहनी ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर “टीम बोरवेल सुरक्षा अभियान” का गठन किया गया है। टीम आने वाले दिनों में अंबाला जिले के प्रत्येक गांव का दौरा करेगी और सरपंच, पंच तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से खुले पड़े बोरवेलों की पहचान करेगी। टीम प्रत्येक बोरवेल की फोटो, जीपीएस लोकेशन और मालिक की जानकारी एकत्र कर सात दिन के भीतर पूरी रिपोर्ट उपायुक्त अंबाला को सौंपेगी।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी को डराना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना है। बरसात के मौसम में खुले बोरवेल और अधिक खतरनाक हो जाते हैं। साहनी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कोई बोरवेल खुला पड़ा है तो उसे तुरंत बंद करवाएं और जरूरत पड़ने पर इसकी सूचना प्रशासन को दें।
हर्ष साहनी ने भावुक शब्दों में कहा, “आज निर्वैर चला गया, लेकिन हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भविष्य में कोई और मां अपनी गोद न खोए।”