Summer express, जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद दौरे की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री हाइड्रोजन ट्रेन सहित जींद और नरवाना रेलवे जंक्शन से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं। प्रशासन और भाजपा संगठन स्तर पर पिछले कई दिनों से तैयारियों का दौर जारी है।
हालांकि कार्यक्रम स्थल को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। रैली के आयोजन के लिए एकलव्य स्टेडियम और चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) मैदान को संभावित स्थानों के रूप में देखा जा रहा है।
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम लगभग तय माना जा रहा है। इसी सिलसिले में सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता जींद पहुंचेंगे। दोनों नेता संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करेंगे और तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। इसके अलावा भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों की गतिविधियां लगातार बढ़ी हुई हैं। शुक्रवार को रेलवे के डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने जींद का दौरा किया था। इसके बाद शनिवार को हिसार रेंज के आईजी कुलदीप सिंह यादव और रविवार को रेलवे के जीएम राजेश कुमार पांडे ने भी तैयारियों का जायजा लिया।
हालांकि अभी तक प्रधानमंत्री की रैली और कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक अंतिम पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।