अमृतसर। श्री हरिमंदिर साहिब में ड्रेस कोड और धार्मिक मर्यादा से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में शॉर्ट्स पहने एक विदेशी जोड़े को प्रवेश द्वार पर सेवादार रोकते हुए दिखाई दे रहा है।
सेवादार उन्हें विनम्रता से बताते हैं कि गुरुद्वारा परिसर में प्रवेश के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले शालीन वस्त्र पहनना आवश्यक है। वीडियो में विदेशी पर्यटक प्रवेश के बारे में जानकारी लेते हुए टिकट की कीमत पूछते हैं।
इस पर मौजूद सिख सेवादार जवाब देते हैं कि श्री हरिमंदिर साहिब में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है, लेकिन सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गुरुद्वारे की मर्यादा का पालन करना होता है। उन्होंने विदेशी जोड़े से पहले उचित वस्त्र पहनकर आने का आग्रह किया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है। अधिकांश लोगों ने सेवादार के शांत और सम्मानजनक व्यवहार की सराहना की है। कई यूजर्स ने कहा कि धार्मिक स्थलों की परंपराओं और नियमों का पालन हर आगंतुक की जिम्मेदारी है, चाहे वह देशी हो या विदेशी।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से लंबे समय से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सिर ढकने, जूते बाहर उतारने तथा शालीन एवं पूरे कपड़े पहनकर ही श्री हरिमंदिर साहिब में प्रवेश करने की सलाह दी जाती रही है। इसी मर्यादा के तहत विदेशी जोड़े को भी प्रवेश से पहले निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए कहा गया।