Summer express, रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले के औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की जान चली गई। सेक्टर-4 स्थित घर के बाहर खेल रही मासूम को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-4 निवासी किशन कांत की करीब तीन वर्षीय बेटी आन्या बुधवार सुबह अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही तेज रफ्तार वैगन-आर कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से कार चालक ही घायल बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी चालक अस्पताल से कार सहित फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मृतक बच्ची के पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।