Summer express, सोनीपत | हरियाणा रोडवेज ने यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सोनीपत से पानीपत, गन्नौर मंडी, गोहाना और कुंडली रूट पर ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया है। इन रूटों के लिए बसों का समय और किराया भी निर्धारित कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
हालांकि, दिल्ली रूट पर ई-बस सेवा शुरू होने का इंतजार अभी जारी रहेगा। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली मार्ग पर एसी बस और ई-बस के किराए में अंतर होने के कारण यह मामला अभी मुख्यालय स्तर पर विचाराधीन है। जब तक इस संबंध में अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक सोनीपत डिपो की ई-बसें केवल कुंडली बॉर्डर तक ही संचालित की जाएंगी।
वर्तमान में सोनीपत रोडवेज डिपो के बेड़े में 15 ई-बसें शामिल हैं। इनमें से कुछ बसें पहले से गोहाना रूट पर चल रही थीं, जबकि अब पानीपत और गन्नौर मंडी रूट पर भी सेवा शुरू कर दी गई है। रोडवेज का लक्ष्य यात्रियों की संख्या के अनुसार इन रूटों पर ई-बसों के फेरों में भी बढ़ोतरी करना है।
ई-बस सेवा को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का विकास भी तेजी से किया जा रहा है। मुरथल बस अड्डे पर ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य अंतिम चरण में है, जिससे बसों की चार्जिंग व्यवस्था और मजबूत होगी। अधिकारियों का मानना है कि चार्जिंग सुविधाओं के विस्तार और दिल्ली रूट के किराए संबंधी मुद्दे के समाधान के बाद ई-बस नेटवर्क को और व्यापक बनाया जाएगा।
फिलहाल ई-बसों का किराया साधारण बसों की तुलना में अधिक रखा गया है। गन्नौर मंडी रूट पर सामान्य बस का किराया 20 रुपये जबकि ई-बस का किराया 35 रुपये निर्धारित किया गया है। इसी तरह पानीपत के लिए सामान्य बस का किराया 55 रुपये और ई-बस का किराया 80 रुपये है, जबकि गोहाना रूट पर सामान्य बस के लिए 45 रुपये और ई-बस के लिए 70 रुपये देने होंगे।
रोडवेज डिपो के एसएस सुरेंद्र दुग्गल ने बताया कि जिले में कुंडली, गोहाना, गन्नौर और पानीपत रूट पर ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। यात्रियों की मांग और संख्या के आधार पर भविष्य में इन रूटों पर ई-बसों के फेरों में भी वृद्धि की जाएगी। साथ ही दिल्ली रूट पर सेवा शुरू करने के लिए किराया संबंधी विषय का समाधान जल्द कराने का प्रयास किया जा रहा है।