Summer express, शिलॉन्ग। मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में एक दर्दनाक हादसे में कुएं के भीतर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा लापालांग क्षेत्र के एक निजी निर्माण स्थल पर हुआ, जहां कुएं से पानी निकालने का काम चल रहा था। घटना के बाद राहत एवं बचाव दल ने अभियान चलाकर सभी शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, निर्माण स्थल पर चार मजदूर कुएं में जमा पानी को पंप के जरिए बाहर निकाल रहे थे। इसके लिए जनरेटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। आशंका है कि जनरेटर से निकले जहरीले धुएं और कुएं के भीतर ऑक्सीजन की कमी के चलते मजदूरों का दम घुटने लगा और वे बेहोश होकर अंदर ही फंस गए।
मजदूरों को संकट में देखकर पास के इलाके के रहने वाले दो सगे भाई उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतरे, लेकिन वे भी जहरीले धुएं की चपेट में आ गए। बचाव अभियान के दौरान कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा।
पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिएम ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।