Summer express, बटाला। पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला शहर में हाथी गेट के निकट स्थित एक कबाड़ गोदाम में रविवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू पाने के लिए बटाला के साथ-साथ गुरदासपुर और अमृतसर से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाना पड़ा। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब चार बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने गोदाम से धुआं और ऊंची लपटें उठती देखीं। इसके बाद तुरंत गोदाम मालिक अश्वनी महाजन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त सहायता के लिए अन्य जिलों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
फायर अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि शुरुआती टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। संयुक्त अभियान के तहत लगातार चार घंटे तक राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।