गुरुग्राम, अनुज पांचाल | गुरुग्राम के केएमपी हाईवे से सटे पटौदी रोड स्थित झुंड सराय इलाके में देर रात एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग स्पोर्ट्स और मेडिकल इक्विपमेंट बनाने वाली लाइफ लॉन्ग कंपनी में लगी, जिसने देखते ही देखते फैक्ट्री के दो ब्लॉकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग को रात करीब 10:30 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही गुरुग्राम, मानेसर और आसपास के क्षेत्रों से दमकल विभाग की डेढ़ दर्जन से अधिक गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोका।
फायर अधिकारियों के अनुसार, करीब चार एकड़ में फैली इस फैक्ट्री में स्पोर्ट्स और मेडिकल उपकरणों का निर्माण किया जाता है। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों की सहायता लेनी पड़ी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से कंपनी को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर विभाग और संबंधित एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं। मानेसर फायर ऑफिसर नरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।