Summer express/शिमला, संजू–: हिमाचल प्रदेश सचिवालय के कर्मचारियों ने एक बार फिर प्रदेश में सरकारी कार्यालयों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह (फाइव-डे वीक) लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया है। सचिवालय कर्मचारी सेवाएं संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों के समाधान की भी मांग की।
संघ के अध्यक्ष राजिंद्र सिंह मियां ने बताया कि यदि सप्ताह में पांच दिन कार्य व्यवस्था लागू की जाती है तो कर्मचारी प्रतिदिन एक घंटा अतिरिक्त काम करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा, मानसिक तनाव कम होगा और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।उन्होंने दावा किया कि इस व्यवस्था से सरकार को बिजली, ईंधन और अन्य प्रशासनिक खर्चों में सालाना लगभग 100 करोड़ रुपये तक की बचत हो सकती है।उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में पहले से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह सफलतापूर्वक लागू है, इसलिए हिमाचल में भी इस मॉडल को अपनाने पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने भी कर्मचारियों की इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए विचार करने का भरोसा दिया है।
फाइव-डे वीक के अलावा कर्मचारी संगठन ने सचिवालय में लिपिकीय वर्ग के 223 रिक्त पदों को जल्द भरने, वर्ष 2025 में नियुक्त 87 ट्रेनी कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से सचिवालय भत्ता देने तथा अन्य विभागों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी यह सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग रखी।कर्मचारियों ने सचिवालय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल ऑफिसर का रिक्त पद भरने, कार्यालयों में आधुनिक फर्नीचर, नए कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी बताई। साथ ही सचिवालय परिसर में इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क की कमजोर व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे ई-ऑफिस और ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों ने पार्किंग व्यवस्था में सुधार, सचिवालय कैंटीन के उन्नयन तथा लंबित महंगाई भत्ते और एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी।