Summer express, सुंदर कुंडू , पलवल। शिक्षा विभाग पलवल की ओर से स्कूली विद्यार्थियों के बीच खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खंड स्तरीय और जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में जिले के सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
सहायक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जसबीर तेवतिया ने बताया कि शिक्षा विभाग हरियाणा और स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 20 जुलाई से 5 अगस्त तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में एथलेटिक्स, खो-खो, कुश्ती, फुटबॉल, योग, कबड्डी और हैंडबॉल की खंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 20 से 22 जुलाई तक होंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 3 और 4 अगस्त को आयोजित की जाएंगी। आर्चरी की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 20 जुलाई को घुघेरा स्टेडियम में होगी, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता 20 और 21 जुलाई को इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा बास्केटबॉल, साइकिलिंग, फेंसिंग और हॉकी प्रतियोगिताएं 22 से 24 जुलाई तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में होंगी। जूडो, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, शतरंज, बेसबॉल, कराटे, नेटबॉल, सॉफ्टबॉल, वुशू, जिम्नास्टिक, बॉक्सिंग, तैराकी और शूटिंग सहित कुल 33 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जसबीर तेवतिया ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है। वहीं खिलाड़ियों ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खिलाड़ियों ने बताया कि सरकार की ओर से खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जा रही है।