समर न्यूज | जालंधर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के दौरान उनके सिर पर नजर आई हरे रंग की पगड़ी जालंधर के पगड़ी प्रशिक्षक सनप्रीत सिंह ने सजाई थी। यह तीसरा अवसर था, जब सनप्रीत को प्रधानमंत्री मोदी को पगड़ी बांधने की जिम्मेदारी मिली। उन्होंने करीब डेढ़ मिनट में छह मीटर कपड़े से सेमी पटियाला शाही शैली की पगड़ी तैयार की।
सनप्रीत ने बताया कि उन्हें कार्यक्रम से एक दिन पहले केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की ओर से सूचना मिली थी। उन्हें विशेष रूप से हरे रंग का पगड़ी का कपड़ा साथ लाने के लिए कहा गया। पुलिस सत्यापन और सुरक्षा प्रक्रिया की जल्दबाजी में वह पगड़ी के नीचे बांधी जाने वाली ‘फिफ्टी’ यानी पटका लाना भूल गए थे। बाद में इसे समय रहते मौके पर मंगवा लिया गया।
प्रधानमंत्री को पगड़ी बांधने के लिए सनप्रीत को करीब दो मिनट का समय दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे निर्धारित समय से पहले ही पूरा कर दिया। पगड़ी बांधने के दौरान सुरक्षा कर्मचारियों ने कपड़े का छोर पकड़ने में उनकी सहायता की। सनप्रीत ने बताया कि प्रधानमंत्री के सामने होने के कारण उन्हें थोड़ी घबराहट थी। उनका पूरा ध्यान इस बात पर था कि पगड़ी ज्यादा कसकर न बंधे और प्रधानमंत्री सहज महसूस करें।
सनप्रीत के अनुसार, प्रधानमंत्री ने उन्हें देखते ही पहचान लिया और मुस्कुराते हुए कहा कि पगड़ी पिछली बार से बेहतर और थोड़ी छोटी बांधनी है। पगड़ी तैयार होने के बाद प्रधानमंत्री ने शीशे में खुद को देखा और इसकी प्रशंसा करते हुए कहा कि पगड़ी बहुत सुंदर बांधी गई है। सनप्रीत ने उनसे पूछा कि पगड़ी ज्यादा टाइट तो नहीं है, जिस पर प्रधानमंत्री ने इसे बिल्कुल ठीक बताया और उनसे हाथ भी मिलाया।
इस बार पगड़ी के लिए छह मीटर कपड़े का इस्तेमाल किया गया। पिछली बार करीब साढ़े छह मीटर कपड़ा इस्तेमाल होने के कारण पगड़ी कुछ भारी हो गई थी। इस बार आखिरी लड़ को मोरनी शैली देने के बजाय सीधा और साधारण रखा गया। इससे पहले सनप्रीत प्रधानमंत्री को दो बार केसरी रंग की पगड़ी बांध चुके हैं।
सनप्रीत ने बताया कि सुरक्षा कारणों से उन्हें मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी।