Summer express, करनाल। हरियाणा के करनाल निवासी एक युवक के साथ उत्तराखंड के हरिद्वार में कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। युवक पर अलग समुदाय की युवती से मिलने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने उसके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय शादाब मूल रूप से करनाल का रहने वाला है और वर्तमान में हरिद्वार के सिडकुल स्थित एक अस्पताल में कार्यरत है। बताया गया कि शनिवार को वह कनखल क्षेत्र में अपनी परिचित युवती से मिलने उसके घर गया था। इसी दौरान कुछ लोगों को इसकी जानकारी मिल गई।
आरोप है कि मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने युवक को घर से बाहर निकाल लिया और उसके साथ मारपीट की। युवक के गले में कथित तौर पर कुत्ते का पट्टा डालकर उसे खंभे से बांध दिया गया। इस दौरान उसके सिर पर भी गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उसका मेडिकल कराने के बाद युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
कनखल थाना पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।