Summer express, मोनिका रावत, चंडीगढ़।रामदरबार में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार की चपेट में आने से बुलेट सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रामदरबार फेज-2 निवासी प्रथम के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, प्रथम सोमवार सुबह रोजाना की तरह जिम से वर्कआउट कर बुलेट मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रथम गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे की पूरी परिस्थितियों और कार चालक की पहचान की जा सके।
प्रथम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है।