9 July, 2025
इटली के लोनाटो में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (ISSF) विश्व कप शॉटगन प्रतियोगिता में भारत की स्कीट शूटिंग टीम फाइनल के शीर्ष छह में स्थान बनाने में असफल रही।
पुरुष स्कीट स्पर्धा में ओलंपियन मीराज अहमद खान (24, 25, 24, 25, 23) ने शुरुआती चार राउंड में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अंतिम राउंड में 23 अंक के साथ कुल 121 अंक ही बना सके और 176 खिलाड़ियों के बीच 30वें स्थान पर रहे।अन्य भारतीय निशानेबाज़ों में भवतेग गिल (23, 25, 25, 25, 21) ने कुल 119 अंक हासिल कर 75वें स्थान पर जगह बनाई। ओलंपियन अनंत जीत सिंह नरुका (24, 24, 24, 23, 24) ने बेहतर वापसी करते हुए कुल 119 अंक हासिल किए और 67वें स्थान पर रहे।
महिला स्कीट स्पर्धा में गनेमत सेखों (23, 25, 24, 24, 20) ने कुल 116 अंक बनाए और 30वें स्थान पर रहीं। वहीं माहेश्वरी चौहान (24, 22, 22, 25, 23) ने भी 116 अंक बनाए और 27वें स्थान पर रहीं। रायज़ा ढिल्लों (22, 23, 24, 24, 22) ने 115 अंकों के साथ 33वां स्थान प्राप्त किया।अब भारतीय निशानेबाज़ों की निगाहें ट्रैप स्पर्धाओं पर टिकी हैं, जो शुक्रवार, 11 जुलाई 2025 से शुरू होंगी। ट्रैप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद के साथ खिलाड़ी नई चुनौती के लिए तैयार हैं।