Summer express/राहुल चावला, पालमपुर-:पालमपुर में अब यात्रियों को इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने पालमपुर में पहली बार इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया है। उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पालमपुर के लिए पहुंची पहली इलेक्ट्रिक बस को माता चामुंडा मंदिर के लिए रवाना किया। पहले चरण में पालमपुर को 10 इलेक्ट्रिक बसें मिली हैं।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। प्रदेश में इलेक्ट्रिक बसों के पहले लॉट में 300 बसें जारी की गई हैं। इनका संचालन फिलहाल उन्हीं क्षेत्रों में किया जा रहा है, जहां चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि पालमपुर के बाद जल्द ही जैसिंहपुर में भी इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा धर्मशाला, नगरोटा, जसूर, पठानकोट और देहरा में चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है। एक बार पूरी तरह चार्ज होने के बाद इलेक्ट्रिक बस करीब 180 किलोमीटर तक सफर कर सकती है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला-पठानकोट और ऊना-चंडीगढ़ रूट पर इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल सफल रहा है। आने वाले समय में अस्पतालों, प्रमुख शहरों और धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले अन्य रूटों पर भी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि HRTC कोई कमर्शियल संगठन नहीं, बल्कि एक कल्याणकारी संस्था है। निगम पिछले 52 वर्षों से प्रदेश के लोगों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवा रहा है और सरकार का लक्ष्य यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन देना है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा जिले के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। एयरपोर्ट विस्तार, पर्यटन, चामुंडा और कांगड़ा जैसे धार्मिक स्थलों के विकास, दूध प्लांट, फिना सिंह बांध, केंद्रीय विश्वविद्यालय समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम जारी है।