Summer express, मोनिका रावत , चंडीगढ़। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत चंडीगढ़ में निर्वाचन विभाग ने सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी है। अब तक 1,38,070 नोटिस जारी किए जाने हैं, जिनमें से 93,193 यानी करीब 67.5 प्रतिशत नोटिस मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं। नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाताओं को अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर पात्रता साबित करनी होगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार एसआइआर का उद्देश्य मतदाता सूचियों से डुप्लीकेट, अपात्र और मृत व्यक्तियों की प्रविष्टियां हटाना है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न हो। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की ओर से फील्ड स्तर पर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है।
28,134 मामलों की सुनवाई, 20,343 का निपटारा
सत्यापन के दौरान जिन मतदाताओं की प्रविष्टियों के संबंध में अतिरिक्त जांच या दस्तावेजी पुष्टि की आवश्यकता है, उन्हें नोटिस दिए जा रहे हैं। अब तक संबंधित
सहायक निर्वाचक पंजीकरण
अधिकारियों (एईआरओ) के समक्ष 28,134 मामलों की सुनवाई हो चुकी है। इनमें दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने के बाद 20,343 मामलों का निपटारा कर दिया गया है, जबकि 7,791 मामले अभी जांच के अधीन हैं।
निर्वाचन विभाग ने बताया कि 44,877 शेष नोटिस भी तैयार किए जा रहे हैं और जल्द ही जारी किए जाएंगे।
जल्द जमा करें दस्तावेज
निर्वाचन विभाग ने नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित एईआरओ या अपने बीएलओ के पास आवश्यक दस्तावेज जमा कराएं। विभाग का कहना है कि समय पर दस्तावेज जमा कराने से मामलों का जल्द निपटारा हो सकेगा और पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में बरकरार रखने में मदद मिलेगी।
1950 पर मिलेगी मदद
एसआइआर से संबंधित किसी भी जानकारी, नोटिस या आवेदन की स्थिति जानने के लिए मतदाता 1950 वोटर हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-11-1950 पर भी 24 घंटे सहायता उपलब्ध है। मतदाता 1950 पर एसएमएस, वोटर हेल्पलाइन मोबाइल एप और निर्वाचन आयोग के वोटर्स सर्विस पोर्टल के माध्यम से भी जानकारी ले सकते हैं।