Summer express, अंबाला (सुंदर कुंडू)। पंजोखरा साहिब मामले को लेकर सिख समाज का रोष बढ़ता जा रहा है। गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज सिख समाज के लोग एक बार फिर पंजोखरा साहिब गुरुद्वारा में एकत्रित हुए। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 13 अगस्त तक मंड के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया तो हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग यहां पहुंचकर अगली रणनीति तय करेंगे।
गुरुद्वारा परिसर में जुटे सिख समाज के लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि मामले में कार्रवाई को लेकर लगातार इंतजार किया जा रहा है। प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि तय समय सीमा तक एफआईआर दर्ज नहीं होती है तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर सिख युवाओं को हिरासत में लेने का आरोप भी लगाया। उनका दावा है कि बुधवार सुबह भी एक सिख युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। समाज के लोगों ने हिरासत में लिए गए युवक को तत्काल रिहा करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवक को जल्द रिहा नहीं किया गया तो प्रशासन के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूरे मामले में सभी पक्षों के खिलाफ निष्पक्ष और समान कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव न करने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की। प्रतिनिधियों ने कहा कि उनकी मांगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाया जा सकता है।