अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
कपड़ा व प्रॉपर्टी कारोबारी हरजिंदर सिंह की हत्या के छह दिन बाद वीरवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिवार ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार करते हुए धरना दिया था।
पुलिस कमिश्नर के साथ हुई बैठक और दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद परिवार पोस्टमार्टम के लिए राजी हुआ। पुलिस कमिश्नर ने परिजनों को समझाया कि पोस्टमार्टम में अधिक देरी होने से रिपोर्ट प्रभावित हो सकती है और जांच में सही तथ्य सामने लाने में परेशानी आ सकती है।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया और पोस्टमार्टम करवाया। जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे प्रॉपर्टी डीलर हरजिंदर सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। परिवार के मुताबिक, घटना वाली रात करीब 7:30 बजे हरजिंदर अपने पिता की गाड़ी लेकर घर से निकला था। वह दोस्तों के साथ किप्स मार्केट में खाना खाने गया था।
इसके बाद जब वह दोस्त की एक्टिवा लेने लगा तो रवि और उसके साथी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने हरजिंदर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हत्या के बाद परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया था। पुलिस ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल ग्लॉक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद परिवार पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद हरजिंदर सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पिता ने हरजिंदर सिंह के शव को मुखाग्नि दी। वही शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद जब घर ले जाया गया, तो परिवारिक सदस्यों सहित इलाके के लोगों की आंखों में भी आंसू देखने को मिले। हरजिंदर की माँ और बड़ी बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार बार हैरी- हैरी चिलाती नजर आई।