गुरुग्राम | पूर्व टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव हत्याकांड में अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी और राधिका के पिता दीपक यादव को अदालत ने शनिवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। खास बात यह रही कि गुरुग्राम पुलिस ने इस बार दीपक की पुलिस रिमांड की मांग ही नहीं की, जिससे कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
इससे पहले पुलिस ने आरोपी पिता को कोर्ट में पेश कर दो दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने सिर्फ एक दिन की ही अनुमति दी थी। रिमांड खत्म होने के बाद अब उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
इस बीच राधिका की हत्या को लेकर पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है। जांच में यह बात सामने आई कि दीपक यादव ने कथित तौर पर गांव वालों के तानों से तंग आकर यह कदम उठाया। उसने पुलिस को बताया कि लोग उसे बेटी की कमाई पर जीने वाला कहकर अपमानित करते थे। हालांकि इस दावे पर भी विवाद खड़ा हो गया है।
दीपक यादव के एक करीबी दोस्त ने एक मीडिया इंटरव्यू में खुलासा किया कि यह दावा पूरी तरह बेबुनियाद है। उसके मुताबिक दीपक पहले से ही संपन्न और प्रभावशाली व्यक्ति था। गांव में उसकी अच्छी-खासी हैसियत थी और किसी के भी ताना मारने का सवाल ही नहीं उठता।
अब यह सवाल सामने आ रहा है कि दीपक यादव के इस तर्क को पुलिस किस रूप में ले रही है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ेगी। पुलिस की अगली कार्रवाई और कोर्ट में पेश होने वाली रिपोर्ट का अब सभी को इंतजार है।