Summer express, केंद्रपाड़ा। ओडिशा में लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा सड़क हादसा टल गया। केंद्रपाड़ा जिले के मार्शाघाई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के निर्माणाधीन हिस्से का करीब 100 मीटर भाग अचानक धंस गया। सड़क का हिस्सा धंसने से वहां खड़े तीन ट्रक गहरे गड्ढे में जा गिरे। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय तीनों ट्रकों में चालक या सहायक मौजूद नहीं थे, जिसके कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह घटना नीलाचल बाजार के पास हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 ओडिशा के पारादीप बंदरगाह को जाजपुर के खनिज संपन्न इलाकों से जोड़ता है। अधिकारियों के मुताबिक, जिस हिस्से में सड़क धंसी है, वहां निर्माण कार्य चल रहा था।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के भुवनेश्वर क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इलाके में करीब एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। लगातार जलभराव के कारण सड़क के नीचे की जमीन कमजोर हो गई, जिसके चलते निर्माणाधीन हिस्सा धंस गया।
सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने के बाद वहां खड़े तीन ट्रक भी मलबे और गड्ढे में फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
एनएचएआई अधिकारी ने बताया कि निर्माणाधीन हिस्से पर वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद वहां ट्रक खड़े किए गए थे। फिलहाल प्रशासन और संबंधित एजेंसियां क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थिति का आकलन कर रही हैं और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।