एजेंसी | पटना/उज्जैन
सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर सोमवार को बिहार और मध्य प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में भारी भीड़ के बीच दो हादसे हो गए। बिहार के लखीसराय स्थित अशोकधाम मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए।
वहीं, उज्जैन में नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान भीड़ का दबाव बढ़ने से 13 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। प्रशासन के अनुसार, लगातार बढ़ती भीड़ के बीच बैरिकेडिंग पर दबाव बढ़ा और अचानक अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान कुछ श्रद्धालु गिर पड़े और उनके ऊपर अन्य लोग भी गिरते चले गए। प्रारंभिक जानकारी में बिजली के खंभे या तार से जुड़ी अफवाह फैलने की बात भी सामने आई है, लेकिन हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। अधिकारियों ने बताया कि दो ट्रेनों के लगातार पहुंचने से भी मंदिर के आसपास भीड़ अचानक बढ़ गई थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
{उज्जैन में भीड़ का दबाव: उज्जैन में नागपंचमी और सावन सोमवार का दुर्लभ संयोग होने के कारण लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना पहले से थी। नागचंद्रेश्वर मंदिर साल में केवल एक बार 24 घंटे के लिए खुलता है। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्ग से हरसिद्धि और बड़े गणेश मंदिर क्षेत्र से होकर आगे बढ़ाया गया। इसी दौरान बैरिकेडिंग के पास भीड़ का दबाव बढ़ने से 13 श्रद्धालु घायल हो गए।