एजेंसी | नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम का एलान कर संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। नई सूची में पार्टी ने जहां अनुभवी नेताओं पर भरोसा कायम रखा है, वहीं अलग-अलग राज्यों और सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देकर संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव और मनप्रीत सिंह बादल समेत 13 को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी गई हैं।
नई टीम में महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदायों को भी उल्लेखनीय प्रतिनिधित्व मिला है।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में 10 महिलाओं को जगह दी गई है, जबकि छह अल्पसंख्यक नेताओं को भी संगठन में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें प्रोफेसर तारिक मंसूर का नाम प्रमुख है। इससे संकेत मिलता है कि भाजपा ने संगठन विस्तार के साथ सामाजिक प्रतिनिधित्व को भी प्राथमिकता दी है।
स्मृति ईरानी की नियुक्ति को खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वह केंद्र में मंत्री रह चुकी हैं और 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से राहुल गांधी को हराकर राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा राजनीतिक संदेश दे चुकी हैं। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन में उनकी भूमिका अहम हो सकती है।
पंजाब पर खास नजर
पंजाब के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को नई टीम में शामिल किया गया है। वह पहले अकाली दल और कांग्रेस में रह चुके हैं और बाद में भाजपा में शामिल हुए। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा लगातार अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। जून में नितिन नबीन की पंजाब यात्रा के दौरान भी पार्टी के बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारी पर चर्चा हुई थी।