Summer express, सोनीपत | खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय मेडिकल कॉलेज में रात दो ट्रेनी महिला डॉक्टरों के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्रता की अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। दोनों घटनाएं करीब आधे घंटे के अंतराल में हुईं। वारदात के बाद छात्रों ने कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए रात में ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, पहली घटना रात करीब 10:30 बजे हुई। एक एमबीबीएस इंटर्न ड्यूटी खत्म करने के बाद चाय लेकर हॉस्टल की ओर जा रही थी। हॉस्टल के पीछे एक युवक ने कथित तौर पर उसका मुंह दबाकर उसके साथ हाथापाई की। छात्रा के शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना में छात्रा की गर्दन पर खरोंच आई।
इसके करीब आधे घंटे बाद रात 11 बजे दूसरी ट्रेनी डॉक्टर के साथ घटना हुई। वह लाइब्रेरी से हॉस्टल की तरफ जा रही थी। आरोप है कि एक युवक ने उसका पीछा किया और हॉस्टल के पास पीछे से पकड़ लिया। युवक ने कथित तौर पर उसका मुंह और गला दबाया तथा उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गया।
छात्राओं ने आरोप लगाया कि घटनाओं के बाद कॉलेज प्रशासन और पुलिस से मदद मांगी गई, लेकिन करीब दो घंटे तक प्रभावी सहायता नहीं मिली। स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के मुताबिक, कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के साथ दुर्गा शक्ति टीम से भी संपर्क किया गया था। छात्रों का दावा है कि पुलिस टीम करीब रात एक बजे कैंपस पहुंची।
घटना के बाद बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं परिसर में एकत्रित हो गए और सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने हॉस्टल और लाइब्रेरी के बीच के रास्ते समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त रोशनी, अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान 28 वर्षीय दीपक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश के झांसी का रहने वाला है और करीब चार महीने पहले निर्माण कार्य के सिलसिले में यहां आया था। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपी झाड़ियों में छिपा हुआ था। छात्रों ने भी उसकी पहचान में मदद की। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा को लेकर छात्रों में नाराजगी बनी हुई है। विद्यार्थियों ने मांग की है कि कॉलेज प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर संवेदनशील स्थानों पर पुख्ता इंतजाम करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।