Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मंगलवार को हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल किया कि मंडी में निर्मित स्कूल का उद्घाटन कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी किस हैसियत से करेंगी। राणा ने कहा कि इस स्कूल का उद्घाटन प्रदेश के शिक्षा मंत्री पहले ही कर चुके हैं, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से उद्घाटन को रद्द करने के आदेश जारी किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में चमचागिरी की हद हो गई है। शिक्षा मंत्री द्वारा किए गए उद्घाटन को रद्द करना उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने के समान है।
राणा ने प्रदेश में आईएएस और आईएफएस अधिकारियों के पदों में कमी किए जाने के निर्णय पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी प्रदेश के विकास के लिए नई योजनाओं का प्रारूप तैयार करने और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में अधिकारियों के पद कम करने से प्रदेश के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री की सोच को संकुचित बताते हुए कहा कि सरकार को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए।प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी राणा ने मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर हिमाचल संबंधी बयानों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वास्तविक स्थिति से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। राणा के अनुसार प्रदेश सरकार पर करीब 44,600 करोड़ रुपये का ऋण है और कर्मचारियों तथा पेंशनरों के विभिन्न भुगतान भी लंबित हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी परिस्थितियों में प्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूत कैसे माना जा सकता है। उन्होंने सरकार से वित्तीय स्थिति पर स्पष्ट जानकारी जनता के सामने रखने की मांग की।
वहीं, सोशल मीडिया पर बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल के कांग्रेस छोड़ने के बाद कथित पश्चाताप से जुड़ी पोस्ट को लेकर विधायक ने प्रतिक्रिया दी। लखनपाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर लिखी गई हर बात में सच्चाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में मौजूद रहना स्थानीय विधायक की नैतिक जिम्मेदारी है। जिन लोगों को विधायक के कार्यों और क्षेत्र में उनकी सक्रियता की जानकारी नहीं है, वे सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां कर उन्हें वायरल करते हैं। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री पर आंख मूंदकर विश्वास न करने की अपील की।