summer express , जालंधर। मॉडल हाउस स्थित माता रानी चौक के पास वीरवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती स्विफ्ट कार में अचानक आग लग गई। कार में आग लगते ही उसमें सवार दो लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन बुरी तरह जल गया।
जानकारी के अनुसार, कपूरथला निवासी रघुविंदर सिंह किसी निजी काम से जालंधर आए थे। वह कार में एक अन्य व्यक्ति के साथ माता रानी चौक की तरफ जा रहे थे। चौक के पास पहुंचते ही कार से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी और दोनों लोग बाहर निकल आए।
दोनों ने शुरुआती तौर पर खुद आग बुझाने का प्रयास किया। आसपास मौजूद लोगों ने भी आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई। इसके बाद राहगीरों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और फायर टेंडर की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम को माता रानी चौक के पास कार में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
वहीं, पुलिस अधिकारी एएसआई सतिंदर पाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। उस समय फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी थी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कार सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए। हालांकि आग से स्विफ्ट कार को भारी नुकसान हुआ और वह लगभग पूरी तरह जल गई।
पुलिस और फायर विभाग की ओर से कार में आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।