summer express ,अंकुर कपूर ,अंबाला। जमाबंदी और इंतकाल से जुड़े पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी खामियों के विरोध में अंबाला जिले के पटवारी और कानूनगो दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों के धरने पर बैठने से पटवारखानों से संबंधित कामकाज प्रभावित हुआ है और लोगों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पटवारी और कानूनगो का कहना है कि जमाबंदी और इंतकाल पोर्टल में लंबे समय से तकनीकी समस्याएं बनी हुई हैं। इन खामियों के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान रिकॉर्ड अपडेट करने और लोगों के काम समय पर निपटाने में दिक्कत आ रही है। कर्मचारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या के बावजूद लोग अपनी परेशानियों के लिए पटवारियों और कानूनगो को जिम्मेदार मानते हैं, जिससे कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
कर्मचारियों के मुताबिक, पोर्टल से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार तहसीलदार, नायब तहसीलदार और एसडीएम स्तर के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक तकनीकी खामियों का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसी कारण पटवारी और कानूनगो ने सांकेतिक हड़ताल का फैसला लिया है।
हड़ताल के चलते जमाबंदी, इंतकाल और पटवारखाने से जुड़े अन्य राजस्व कार्य प्रभावित रहने की संभावना है। दूर-दराज के क्षेत्रों से अपने काम के लिए पटवारखानों में पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
पटवारी और कानूनगो की मांग है कि जमाबंदी और इंतकाल पोर्टल की सभी तकनीकी समस्याओं को जल्द दूर किया जाए, ताकि राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ आम जनता को भी राहत मिल सके। कर्मचारियों ने कहा कि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आगे आंदोलन को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
फिलहाल कर्मचारियों की दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल जारी है। अब देखना होगा कि सरकार और संबंधित विभाग पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।