Summer express , सुंदर कुंडू , पलवल। खेल विभाग हरियाणा की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए पलवल जिले की चार टीमें शनिवार को रवाना हुईं। इस दौरान खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन कर जिले के लिए स्वर्ण पदक जीतने के लिए प्रेरित किया गया।
खेल मंत्री गौरव गौतम के प्रतिनिधि हुकम चंद और सहायक मौलिक शिक्षा अधिकारी जसवीर तेवतिया ने खिलाड़ियों को ट्रैक सूट प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए प्रतियोगिता में पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ खेलने का आह्वान किया।
हुकम चंद ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पलवल जिले की कबड्डी, फुटबॉल, ताइक्वांडो और वुशू की टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों के मुकाबले कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी और चरखी दादरी में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और उनसे इस प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पलवल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिले की झोली में चार स्वर्ण पदक डाले हैं। इससे अन्य खेलों के खिलाड़ियों का भी मनोबल बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कबड्डी, फुटबॉल, ताइक्वांडो और वुशू के खिलाड़ी भी पदक जीतकर पलवल का नाम रोशन करेंगे।
हुकम चंद ने यह भी बताया कि पलवल जिले को दो खेलों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिली है। इनमें कबड्डी और खो-खो शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के आयोजन से जिले के खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में राज्यभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
प्रशासन और खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने की बात कही गई है। खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और जिले के लिए अधिक से अधिक पदक हासिल करने का भरोसा जताया।