अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
रियल एस्टेट और प्रॉपर्टी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 16.81 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्राइम लोकेशन पर जमीन दिलाने के नाम पर पीड़ित से करोड़ों रुपये लिए गए, लेकिन बाद में न तो उसके नाम कोई प्रॉपर्टी करवाई गई और न ही रकम वापस लौटाई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की जांच के बाद थाना पुलिस ने अतुल मेहता और सलोनी मेहता के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सतपाल सचदेवा ने बताया कि दोनों आरोपियों ने उनसे संपर्क कर खुद को बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से जुड़ा बताया। उन्होंने दावा किया कि उनके माध्यम से प्राइम लोकेशन पर बाजार से कम कीमत में जमीन दिलवाई जा सकती है। साथ ही निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का भरोसा दिया गया। विश्वास में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग किस्तों में कुल 16.81 करोड़ रुपये आरोपियों को दे दिए।
रकम लेने के बाद आरोपियों ने रजिस्ट्री और दस्तावेज देने में टालमटोल शुरू कर दी। काफी समय बीतने पर भी न जमीन उनके नाम हुई और न पैसे लौटाए गए। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर बैंक खातों व वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।